आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूके वैभव सूर्यवंशी, 12 छक्के जड़ते हुए तोड़े कई रिकॉर्ड
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और पहले सीजन की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जा रहा है। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम या न्यू पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वैभव सूर्यवंशी सबसे तेज शतक से चूके
वैभव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों पर 5 चौके और 12 छक्कों की मदद से 97 रन की तूफानी पारी खेली। प्रफुल्ल हिंगे ने सूर्यवंशी को आर स्मरण के हाथों कैच कराया। इसी के साथ वे आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से चूक गए। क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में 30 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाया था।
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए उन्होंने एक के बाद एक लंबे छक्के जड़कर स्टेडियम में सनसनी मचा दी। इसी धमाकेदार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस सीजन उन्होंने अब तक 65 छक्के जड़ दिए हैं, गेल ने साल 2012 में 59 छक्के लगाए थे। गेल के अलावा अब तक एक सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ने ही किया है।
अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन
इसके अलावा, अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम आ गया है। उन्होंने इस सीजन 15 मैचों में 45.93 की औसत से 680 रन बना लिए हैं, जिसमें स्ट्राइक रेट 237.26 रहा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2023 में 625 रन बनाए थे। उनसे पहले शॉन मार्श ने 2008 में 616 रन बनाए थे।
महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली गई इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी आईपीएल मैच के नॉकआउट/प्लेऑफ मैच में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। शुभमन गिल इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पारी में 10 छक्के लगाए थे। रजत पाटीदार 9 छक्कों के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं।
वैभव आईपीएल पारी में सबसे ज्यादा बार 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी संयुक्त रूप से नंबर-1 बन गए हैं। वैभव सूर्यवंशी और क्रिस गेल 4-4 बार ऐसा कर चुके हैं। अभिषेक शर्मा और फिन एलन ने 2-2 बार यह कारनामा किया है।
वैभव ने की निकोलस पूरन की बराबरी
इस पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ वैभव 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार आईपीएल फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए। वैभव और निकोलस पूरन ने ऐसा 5-5 बार किया है। वहीं, अभिषेक शर्मा (6) इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं।
पावरप्ले में सर्वाधिक 50+ स्कोर के मामले में भी वैभव (5 बार) दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर (6) शीर्ष पर हैं, जबकि ट्रेविस हेड (4) तीसरे पायदान पर मौजूद हैं। आईपीएल नॉकआउट/प्लेऑफ में पावरप्ले के दौरान यह किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है। इस लिस्ट में सुरेश रैना (87) दूसरे पायदान पर हैं, जबकि एडम गिलक्रिस्ट (74) तीसरे स्थान पर हैं।
वैभव आईपीएल पारी के पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक 8 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इस लिस्ट में सनथ जयसूर्या (MI), जोस बटलर (RR), जॉनी बेयरस्टो (PBKS), अभिषेक शर्मा (SRH) और वैभव सूर्यवंशी (आरआर) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 7-7 बार ऐसा किया।